हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के शिवालिक नगर स्थित कैंप कार्यालय का घेराव किया। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता शिवालिक नगर चौक पर एकत्रित हुए और पैदल मार्च करते हुए कैंप कार्यालय पहुंचे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रावली महदूद, सलेमपुर, जगजीतपुर, नवोदय नगर सहित कई क्षेत्रों में सफाई, सीवर लाइन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नवोदय नगर और जगजीतपुर में सीवर लाइन बिछाने की घोषणा की गई थी तथा बजट स्वीकृत होने की बात भी कही गई, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ।
मनोज धनगर ने कहा कि रानीपुर विधानसभा में विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, जबकि क्षेत्र में कई स्थानों पर गंदगी के ढेर और सफाई संबंधी समस्याएं मौजूद हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय सैनी ने कहा कि इंटर कॉलेज की घोषणा भी अभी तक धरातल पर नहीं उतर सकी है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर लेकर प्रदर्शन किया और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
धनगर बोले वादे बहुत, विकास कम! रानीपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, भाजपा विधायक कार्यालय का घेराव
