हरिद्वार( गौरव कुमार)। चारधाम यात्रा और विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में अहम भूमिका निभाने वाली सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की तीन कंपनियों को मंगलवार को औपचारिक रूप से विदाई दी गई। इस अवसर पर एसपी सिटी अभय सिंह ने जवानों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।एसपी सिटी ने कहा कि एसएसबी के जवानों ने निर्धारित आठ घंटे की ड्यूटी के बजाय कई बार 10 से 12 घंटे तक लगातार ड्यूटी कर पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। उन्होंने बताया कि करीब दो माह तक तैनात रहे लगभग 270 जवानों ने हरकी पैड़ी, शंकराचार्य चौक, मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर, चंडी चौक और नारसन बॉर्डर समेत विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली।उन्होंने बताया कि ड्यूटी के साथ-साथ जवानों ने अपने मेस और अन्य व्यवस्थाओं का संचालन भी अनुशासित तरीके से किया। एसपी सिटी ने कहा कि एसएसबी केंद्र सरकार के अधीन कार्य करने वाला अर्द्धसैनिक बल है, जिसे चुनाव, धार्मिक आयोजनों और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया जाता है। विदाई समारोह में 9वीं वाहिनी बलरामपुर (उत्तर प्रदेश) और 43वीं वाहिनी सिद्धार्थनगर के अधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान सहायक कमांडेंट ज्ञान प्रकाश, इंस्पेक्टर राजेश मीणा, उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह शेखावत, लालचंद, मोहिंदर पाल सहित अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
चारधाम यात्रा के बाद हरिद्वार से एसएसबी की तीन कंपनियों को विदाई, दो माह तक संभाली सुरक्षा और यातायात व्यवस्था
