हरिद्वार (गौरव कुमार) दवाओं की ऑनलाइन बिक्री के खिलाफ देशभर के दवा विक्रेताओं ने 20 मई को बंद का आह्वान किया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता में अमित गर्ग ने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी की अनियंत्रित कार्यप्रणाली से केमिस्टों को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने बताया कि दवा कंपनियां ऑनलाइन माध्यम से अधिक मार्जिन पर दवाएं बेच रही हैं, जबकि स्थानीय विक्रेताओं को सीमित लाभ मिलता है। इससे छोटे केमिस्ट आर्थिक संकट में हैं। साथ ही बिना सत्यापन दवाओं की बिक्री जनस्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है।
महासंघ ने आरोप लगाया कि एक ही पर्चे का बार-बार उपयोग कर एंटीबायोटिक और नशीली दवाओं की बिक्री बढ़ रही है। बड़े कॉरपोरेट भारी छूट देकर बाजार का संतुलन बिगाड़ रहे हैं।
उन्होंने कोविड काल की अधिसूचनाएं समाप्त कर कड़े नियम लागू करने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें न मानी गईं तो अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा।
