देवप्रयाग मार्ग पर बोलेरो खाई में गिरी, लक्सर एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

Listen to this article

हरिद्वार। पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरिद्वार के रायपुर जीतपुर निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में परिवार का एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य सदस्य लापता है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस के अनुसार बोलेरो वाहन में सात लोग सवार थे। वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायल 16 वर्षीय अरम पुत्र अफजाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लापता सदस्य की तलाश के लिए खाई और आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान जारी है।
मृतकों की पहचान 49 वर्षीय अफजाल पुत्र अकबर सूफी, 34 वर्षीय गुफरान पुत्र अकबर, 40 वर्षीय सब्बू पत्नी अफजाल, 14 वर्षीय शादाब पुत्र अफजाल और तीन वर्षीय अनामिया पुत्री अफजाल, सभी निवासी रायपुर जीतपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। दुर्गम खाई से शवों और घायल को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हादसे की सूचना जैसे ही रायपुर जीतपुर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में मातम का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि लापता सदस्य की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!