साझेदारी की टाउनशिप पर कब्जे का विवाद, भाजपा नेता समेत सात नामजद

Listen to this article

हरिद्वार(प्रवीण कुमार)। बहादराबाद क्षेत्र में विकसित की जा रही करोड़ों रुपये की आवासीय टाउनशिप को लेकर कारोबारी साझेदारों के बीच विवाद गहरा गया है। भाजपा नेता और सरकार की तरफ से नामित सहकारी समिति सदस्य मुकेश रोड पर केस दर्ज हुआ है। दिल्ली और गाजियाबाद के रियल एस्टेट कारोबारियों ने बिल्डर परिवार पर धोखाधड़ी और कूटरचना कर पूरी परियोजना पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और प्रोजेक्ट साइट पर पहुंचकर कर्मचारियों को धमकाने की बात भी कही गई है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक वैशाली गाजियाबाद निवासी पंकज शर्मा, गीता कॉलोनी दिल्ली निवासी अमित ढींगरा और प्रदीप ढींगरा ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि वे ऐस हाउसिंग प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से लंबे समय से रियल एस्टेट कारोबार कर रहे हैं। वर्ष 2013 में उनकी पहचान हरिद्वार के कारोबारी राकेश नागपाल से हुई थी, जो नैक्सिस इन्फ्रा और अन्य फर्मों के जरिए निर्माण कार्य करते थे।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राम बढ़ेड़ी राजपूताना में संयुक्त रूप से टाउनशिप और हाईराइज-लो राइज भवन परियोजना विकसित करने का प्रस्ताव तैयार हुआ था। इसके लिए वर्ष 2014 और 2016 में दोनों पक्षों के बीच एमओयू भी हुआ। इसके बाद खसरा नंबर 452, 493, 599, 600 और 606 में ‘एस आनंदिका हाइट्स’ नाम से परियोजना पर काम शुरू कराया गया। बताया गया कि परियोजना के तहत सेल्स ऑफिस, सैंपल फ्लैट, पार्क और अन्य निर्माण कार्य कराए गए, जिनमें करोड़ों रुपये निवेश किए गए थे।
आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में राकेश नागपाल के निधन के बाद उनकी पत्नी विम्मी नागपाल, पुत्री आनंदिका नागपाल और पुत्र करण नागपाल ने कथित तौर पर एमओयू की जानकारी छिपाकर संपत्तियों का नामांतरण अपने नाम करा लिया। आरोप है कि बाद में ईशा पंवार के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, ताकि पूरे प्रोजेक्ट पर कब्जा किया जा सके। कारोबारियों का आरोप है कि छह फरवरी 2026 को आरोपी कई लोगों के साथ प्रोजेक्ट साइट पर पहुंचे और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गालीगलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर विम्मी नागपाल, आनंदिका नागपाल, करण नागपाल, उमाकांत सैनी, एकलव्य सैनी, मुकेश राठ, संजय शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!