श्यामपुर रेंज में दो शावकों की मौत के बाद, वन क्षेत्राधिकार, वन दरोगा सहित तीन को कारण बताओ नोटिस जारी,

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) श्यामपुर रेंज में वन मंत्री सुबोध उनियाल के निरीक्षण के बाद वनप्रभाग अधिकारी डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की तरफ से वन क्षेत्र अधिकारी विनय कुमार राठी सहित तीन अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी किया है। भूपेंद्र बिष्ठ, करुण सैनी ओर वन आरक्षी को नोटिस जारी किए हैं। वन प्रभाग हरिद्वार की श्यामपुर रेंज एक बार फिर गंभीर सवालों के घेरे में है। प्रथम श्रेणी के दो वन्यजीवों एक वयस्क और उसके शावक के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया था। आरोप है कि वन्यजीव तस्कर मृत वन्यजीवों के पांव काटकर फरार हो गए थे। इस घटना ने श्यामपुर रेंज की कार्यप्रणाली और वहां तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया था। वन क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा की पहली जिम्मेदारी वन आरक्षी और वन दरोगा की होती है, लेकिन पूरे क्षेत्र की निगरानी और जवाबदेही वन क्षेत्राधिकारी यानी रेंजर पर भी तय मानी जाती है। ऐसे में लगातार सामने आ रहे मामलों ने विभागीय कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगा दिए थे। वर्तमान में श्यामपुर रेंज संभाल रहे रेंजर विनय राठी का नाम इससे पहले रुड़की रेंज में भी कई विवादित मामलों से जुड़ चुका था। पहला मामला अनुभाग मंगलौर का था, जहां श्रेणी-2 के वन्यजीव नीलगाय की संदिग्ध मौत के बाद बिना पोस्टमार्टम कराए उसे दफनाने के आरोप लगे थे। दूसरा मामला रुड़की बीट के खंजरपुर क्षेत्र का था, जहां बिना लाइसेंस के वेनेम सेंटर संचालित होने की बात सामने आई थी। वहीं पाडली गुर्जर क्षेत्र में अजगर की हत्या का मामला भी इसी कार्यकाल में सामने आया था। अब श्यामपुर रेंज में प्रथम श्रेणी के वन्यजीव और उसके बच्चे की मौत ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए थे। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि जो अधिकारी खुद को वन्यजीव संरक्षण का चेहरा बताते हैं, उन्हीं की तैनाती वाले क्षेत्रों में लगातार शिकार, मौत और तस्करी के मामले सामने आना चिंता का विषय है। सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या इस बार भी केवल खानापूर्ति कर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया था।
वन मंत्री Subodh Uniyal ने कहा कि उनके संज्ञान में बाघ के दो शावकों के शव मिलने का मामला आया है। उन्होंने साफ कहा कि इस पूरे प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर डीएफओ को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि विनय राठी सहित तीन कर्मचारी और अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!