हरिद्वार। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। बृहस्पतिवार को ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ज्वालापुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने कहा कि देश संविधान से चलता है, छुआछूत और भेदभाव की सोच से नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किया जाना दलित समाज और सामाजिक समानता का अपमान है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल कांग्रेस अध्यक्ष के सम्मान का नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ा है।
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच लेकर जाएगी। ज्ञापन देने वालों में डॉ. संजय पालीवाल, प्रदीप चौधरी, बालेश्वर सिंह, मकबूल कुरैशी, मनोज धनगर समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



‘देश संविधान से चलेगा, छुआछूत से नहीं’, शुद्धिकरण पर कांग्रेस का हमला