हर की पैड़ी पर मां गंगा की शरण में पहुंचे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान

Listen to this article

हरिद्वार( गौरव कुमार)। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध हर की पैड़ी पर मां गंगा की भव्य संध्या आरती में सहभागिता की। गंगा सभा के पदाधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका पारंपरिक स्वागत किया और विधि-विधान से मां गंगा की पूजा-अर्चना कराई। गंगा आरती के दौरान चिराग पासवान ने मां गंगा के समक्ष देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। आरती के समय हर की पैड़ी पर मौजूद श्रद्धालुओं ने “हर-हर गंगे” और “हर-हर महादेव” के जयघोष लगाए, जिससे पूरा घाट भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इस अवसर पर चिराग पासवान ने कहा कि हरिद्वार केवल एक तीर्थ नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति और आस्था का जीवंत प्रतीक है। मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक ऊर्जा का स्रोत है। उन्होंने देशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। गंगा सभा के पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को अंगवस्त्र और गंगाजली भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के आगमन को लेकर हर की पैड़ी और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!