हरिद्वार(गौरव कुमार)। शिवालिक नगर में स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान हुए हंगामे के मामले में रानीपुर पुलिस ने एक कांग्रेसी नेता और एक व्यापारी नेता सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए महिला कर्मचारियों से अभद्रता की गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।यूपीसीएल के विद्युत वितरण उपखंड ज्वालापुर-द्वितीय में तैनात अवर अभियंता शिवानी शर्मा और प्रीति जिंटा की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि शासन के निर्देश पर क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। चार जुलाई को विभागीय टीम शिवालिक नगर के डी क्लस्टर में उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर स्थापित करने का कार्य कर रही थी। इसी दौरान महेश प्रताप राणा व विभाष सिन्हा और उनके साथ कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और टीम का विरोध शुरू कर दिया। विरोध कर रहे लोगों ने विभागीय कर्मचारियों और कार्यदायी संस्था के कार्मिकों को काम नहीं करने दिया। आरोप है कि महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई और सरकारी कार्य बाधित हो गया। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
