हरिद्वार(गौरव कुमार)। नगर निगम क्षेत्र का प्लॉट अपना बताकर एक संत से पांच लाख रुपये लेने और बाद में रकम वापस मांगने पर मारपीट करने का मामला सामने आया है। अदालत के आदेश पर ज्वालापुर पुलिस ने आरोपी समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पथरी थाना क्षेत्र के दीनारपुर सुभाषगढ़ निवासी संत मुरारी दास ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि राजनगर बी-2 ज्वालापुर निवासी सतीश कुमार जोशी ने करीब 3696 वर्गफुट भूमि को अपनी संपत्ति बताते हुए 1 करोड़ 84 लाख 80 हजार रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया था। 23 सितंबर 2024 को दोनों के बीच नोटरी पर इकरारनामा हुआ और उन्होंने पांच लाख रुपये अग्रिम के रूप में दे दिए। बाद में जमीन के दस्तावेजों की जांच कराने पर पता चला कि संबंधित भूमि सतीश कुमार जोशी के नाम न होकर रुड़की निवासी राजकुमार पुत्र श्याम सिंह के नाम दर्ज है। इस पर उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी।आरोप है कि 20 नवंबर 2024 को शाम करीब पांच बजे सतीश कुमार जोशी दो अन्य लोगों के साथ ज्वालापुर सब्जी मंडी स्थित उनकी दुकान पर पहुंचा। वहां गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की गई। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। जाते समय पांच लाख रुपये वापस न करने और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि अदालत के आदेश पर आरोपी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्लॉट अपना बताकर संत से पांच लाख की ठगी, विरोध पर मारपीट; कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
