हरिद्वार (गौरव कुमार) कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए अज्ञात शव की पहचान की और आरोपियों तक पहुंची।
17 मई 2026 को बहबलपुर-लव्वा मार्ग के पास नदी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला था, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के बाद गृह मंत्रालय के NETGRID पोर्टल पर फोटो अपलोड कर मृतक की पहचान कलीम निवासी देवबंद, सहारनपुर के रूप में की।
जांच में सामने आया कि कलीम अपने भाई के साथ भगवानपुर आया था और धरोहर होटल में विवाद के बाद आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। शव को क्रेटा कार में ले जाकर नदी किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस ने सौरभ चौहान, अंकित कुमार, हर्ष, अनमोल सैनी और विशाल सैनी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। घटना में प्रयुक्त वाहन, डंडे और मोबाइल बरामद किए गए हैं।
