हरिद्वार (गौरव कुमार) श्यामपुर रेंज में नर-मादा टाइगर और उनके शावकों की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
बुधवार को प्रदेश के वन मंत्री सुबोध उनियाल और राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से पूरी जानकारी ली और घटनास्थल की स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि दो दिन पहले वन गुर्जरों द्वारा नर-मादा टाइगर और उनके शावकों को मारने की घटना सामने आई थी, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं न केवल वन्यजीव संरक्षण के लिए खतरा हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन को भी प्रभावित करती हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और वन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी अनिरुद्ध स्वप्निल, एसडीओ पूनम कैंथोला और रेंजर विनय कुमार राठी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
