हरिद्वार (गौरव कुमार)। कोतवाली रुड़की क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुए अवैध असलाह के साथ नाचते युवक के वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
कोतवाली रुड़की पुलिस ने रविवार को सर्विस लाइन डबल फाटक क्षेत्र से आरोपी अंशुल कुमार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवक बर्थडे पार्टी के दौरान तमंचा लहराते हुए नजर आ रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए थे।
गिरफ्तार आरोपी अंशुल कुमार पुत्र देवेंद्र राम, निवासी शाकुंबरी इंक्लेव, दिल्ली रोड, रुड़की का रहने वाला है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रजत चौधरी, नूर मलिक, कांस्टेबल अरविंद कुमार और अनिल शर्मा शामिल रहे।
