बहादराबाद अंडरपास पर फैक्ट्री कर्मचारियों से मारपीट, मोबाइल लूटकर फरार हुए बदमाश

Listen to this article

हरिद्वार (प्रवीण कुमार) थाना क्षेत्र के अलीपुर रोड स्थित अंडरपास पर देर रात फैक्ट्री कर्मचारियों के साथ अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर बहादराबाद थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

जानकारी के अनुसार कर्मचारी अभिषेक कुमार, सचिन कुमार और नितिन कुमार कंपनी में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रात करीब 10:15 बजे जब वह बहादराबाद अंडरपास के पास पहुंचे तो दो बाइक सवार युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि तभी दूसरी बाइक पर सवार युवक और आसपास छिपे 15 से अधिक बदमाश लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर उन पर टूट पड़े।

पीड़ितों ने बताया कि बदमाशों ने उनके साथ जमकर मारपीट की। जान बचाने के लिए वह बाइक छोड़कर मौके से भागे। इस दौरान अभिषेक कुमार का एप्पल मोबाइल फोन भी लूट लिया गया।

मारपीट के बाद घबराए कर्मचारियों ने रास्ते से गुजर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक से मदद मांगी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद तीनों किसी तरह थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!