चंडी देवी पैदल मार्ग के जंगल में महिला का शव मिलने से सनसनी

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) चंडीघाट क्षेत्र में चंडी देवी मंदिर रोपवे के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर श्यामपुर कोतवाली पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिससे महिला के चेहरे की पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है।


घटना की सूचना शनिवार को वन विभाग के कर्मचारियों ने पुलिस को दी थी। इसके बाद थानाध्यक्ष श्यामपुर, चौकी चंडीघाट प्रभारी और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।


पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष आंकी गई है। महिला का कद लगभग पांच फुट और रंग गेहुंआ बताया गया है। शव की पहचान के लिए पुलिस ने विशेष हुलिया भी जारी किया है। मृतका के दाहिने हाथ की कलाई पर अंग्रेजी में “KAUSHILYA” और फूल का टैटू बना है। बाएं हाथ की कलाई पर दिल के निशान के भीतर “K.R” लिखा हुआ है, जबकि बाएं हाथ की हथेली के ऊपर “ऊँ” का टैटू गुदा हुआ है।


फिलहाल शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने आमजन से महिला की पहचान संबंधी जानकारी साझा करने की अपील की है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!