हरिद्वार (गौरव कुमार) भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. बीआर अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में भेल सेक्टर-1 स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में भारतीय संविधान ज्ञानार्जन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 1 से 5 अप्रैल तक चली इस प्रतियोगिता में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी दर्ज कराई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता का आयोजन बीएचईएल अनुसूचित जाति एम्प्लॉईज वेलफेयर एसोसिएशन हीप एवं सीएफएफपी के तत्वावधान में संचालित डॉ. अंबेडकर शिक्षा सहभागिता कार्यक्रम के तहत किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और भेल कर्मचारियों सहित पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में डॉ. अंबेडकर, भारतीय संविधान, सामान्य ज्ञान और समसामयिक विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे गए।
कार्यक्रम के संरक्षक आरएल व्यास ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों, महिलाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों में भारतीय संविधान तथा बहुजन महापुरुषों के विचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
संयुक्त प्रभारी शिवकुमार ने कहा कि ऐसे शैक्षिक कार्यक्रम समाज में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं एसोसिएशन के महामंत्री रविंद्र कुमार ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही, ताकि समाज को नई दिशा मिल सके।
इस अवसर पर रविकांत बंधु, योगेंद्र सिंह, धीर सिंह, कुलदीप सिंह, मुकेश कुमार सहित अनेक पदाधिकारी, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
