पुहरिद्वार (गौरव कुमार) पुलिस ने ग्राम लाहडपुर निवासी बबलू की हत्या का राज फाश कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि बबलू की पत्नी पूजा 35 और उनकी नाबालिग बेटी ने मिलकर ठंडे दिमाग से उसकी हत्या कर दी।
एसपी सिटी अभय सिंह ने कार्यालय में घटना का खुलासा किया है। एसपी सिटी ने बताया कि दो अप्रैल की रात को पूजा ने पुलिस को बताया कि उसके पति बबलू ने शराब पीकर जहर खा लिया और आत्महत्या कर ली। लेकिन मृतक के भाई राजू की शिकायत और पुलिस की गहन जांच में सच्चाई सामने आई।
पूछताछ में पूजा और नाबालिग बेटी ने सनसनीखेज खुलासा किया कि उनके अवैध संबंधों की जानकारी बबलू को हो गई थी। बबलू द्वारा शराब पीकर मारपीट करने से परेशान होकर दोनों ने हत्या का प्लान बनाया।
रात को उन्होंने बबलू को शराब में नींद की दवा मिलाकर पिला दी। जब वह बेहोश हो गया तो दुपट्टों से हाथ-पैर बांधकर तकिए से मुंह दबाकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या छिपाने के लिए लाश को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया और मुंह में सल्फास का घोल डाल दिया।
इंस्पेक्टर मनोहर भंडारी ने बताया कि मृतक के छोटे बेटे ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी आंखों से मां और बहन द्वारा पिता की हत्या करते देखा था।
पुलिस ने शुक्रवार को पूजा को गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग बेटी को संरक्षण में ले लिया। घटनास्थल से मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का पाउच, स्टील का गिलास, चार दुपट्टे और तकिया बरामद किया गया।
