गुरु रविदास जयंती पर दमड़ी यात्रा 4 अप्रैल को हरिद्वार पहुंचेगी, स्वागत को शहर तैयार

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार) संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के 649वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पंजाब से आने वाली पारंपरिक दमड़ी यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां हरिद्वार में जोर-शोर से चल रही हैं। शुक्रवार को एक बैठक रोशनाबाद स्थित संयोजक राजबीर सिंह कटारिया के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें यात्रा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
संयोजक राजबीर सिंह कटारिया ने बताया कि दमड़ी यात्रा 4 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे ज्वालापुर पुल, जटवाड़ा पहुंचेगी। यहां से हजारों श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए हरकी पैड़ी स्थित गुरु रविदास मंदिर तक प्रस्थान करेंगे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत, जलपान और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस बार यात्रा में 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है, जिससे आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। रविदासिया समाज के लोग जगह-जगह बैठकों के माध्यम से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं।
दमड़ी यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, सत्संग और गुरु रविदास जी के उपदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह यात्रा सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देते हुए ‘बेगमपुरा’ की परिकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। बैठक में एडवोकेट मोनू राणा, रवि गौतम, विनीत कुमार, प्रशांत गौतम, सनी गौतम और प्रदुमन कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!