हरिद्वार (गौरव कुमार) शिक्षा के भविष्य की बात करने वाले दावों के बीच हरिद्वार के अजीतपुर गांव में राजकीय प्राथमिक विद्यालय से सामने आया दृश्य चिंता बढ़ा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में छोटे बच्चों को भारी लकड़ी ढुलवाते हुए देखा गया है।
वीडियो में चार बच्चे नजर आ रहे हैं। दो बच्चों के सिर पर भारी लकड़ी की गठरी रखी हुई है, जबकि दो अन्य बच्चों के हाथों में लकड़ी है। इसके अलावा एक बच्चा पूरी तरह खाली हाथ चल रहा है। यह पूरा दृश्य एक बाइक सवार ने रिकॉर्ड किया है। बारिश में लंबी दूरी तय करते हुए यह नन्हे मासूम भारी बोझ उठाते दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि यह न केवल बाल अधिकारों का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा करता है। सवाल उठता है कि क्या कक्षा एक के बच्चों से इस तरह का शारीरिक श्रम कराना उचित है और क्या प्रशासन इन मामलों पर गंभीर नजर रखता है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में गहरी नाराजगी है और मांग उठ रही है कि संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं कि वह बच्चों के हित में कौन से कदम उठाता है।