हरिद्वार (गौरव कुमार) भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था आगामी 27 अप्रैल से 26 मई तक लागू रहेगी। इस निर्णय से छात्र-छात्राओं को राहत मिलने के साथ ही शिक्षक संगठनों की लंबे समय से उठ रही मांग भी पूरी हो गई है।
नए आदेश के अनुसार प्री-प्राइमरी से कक्षा 5 तक विद्यालय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि कक्षा 6 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक चलेंगी। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी विद्यालयों में इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत नियमित अंतराल पर वॉटर बेल बजाने, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन, ओआरएस और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। साथ ही छात्रों को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने और तेज धूप में खेलकूद व बाहरी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि हाल के दिनों में शिक्षक एसोसिएशन लगातार स्कूल समय में बदलाव की मांग उठा रहा था। अब प्रशासन के इस फैसले से अभिभावकों और शिक्षकों दोनों को राहत मिली है। जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया है।
हीटवेव का असर: हरिद्वार में स्कूल समय बदला, डीएम ने जारी किए आदेश
