हरिद्वार (गौरव कुमार) कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने “पुलिस आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत त्रिमूर्ति नगर, ज्वालापुर में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम जनपद हरिद्वार पुलिस द्वारा 26 जनवरी 2026 से 31 फरवरी तक चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक नगर, नोडल अधिकारी, क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर और महिला सुरक्षा प्रभारी के कुशल पर्यवेक्षण में कोतवाली ज्वालापुर की टीम ने यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनों की विस्तृत जानकारी दी गई। आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और 1091 के बारे में बताया गया। साइबर अपराध से बचाव, छेड़छाड़, घरेलू हिंसा जैसी समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। पुलिस ग्रामीणों और ग्रामीण पुलिस का सहयोग करते हैं।
ज्वालापुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा ने महिलाओं को यह आश्वासन दिया गया कि किसी भी समस्या के समय वे बिना संकोच पुलिस से संपर्क कर सकती हैं। पुलिस सदैव उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए तैयार है। एएसआई पायल तोमर और महिला कांस्टेबल पूनम सौरियाल ने कार्यक्रम में आत्मरक्षा के सामान्य उपाय तथा सतर्कता से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने वाला अच्छा कदम बताया। लोगों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।