हरिद्वार। नगर निगम ने एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक कदम उठाते हुए किन्नर समाज की प्रतिनिधि सोनिया को अपना स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। यह उत्तराखंड राज्य के इतिहास में पहला मौका है जब ट्रांसजेंडर समुदाय के किसी सदस्य को इतनी महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को समाज के हर वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना और समावेशी संदेश देना है।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि स्वच्छता महज कोई सरकारी मुहिम नहीं, बल्कि एक साझा सामाजिक जिम्मेदारी है। समाज के सभी तबकों को सम्मानजनक स्थान देकर ही सच्चा परिवर्तन संभव है। ट्रांसजेंडर समुदाय की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बनेगा, अभियान में नई ऊर्जा आएगी और व्यापक जागरूकता फैलेगी। ब्रांड एंबेसडर के रूप में सोनिया और उनके सहयोगी सदस्य घर-घर जाकर नागरिकों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराएंगे। वे विशेष रूप से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने तथा दो डस्टबिन प्रणाली अपनाने की वकालत करेंगे। सोनिया ने इस नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे समाज के लिए गौरव का क्षण है। किन्नर समाज हमेशा से सामाजिक उत्सवों और सरोकारों में शामिल रहा है, और अब वह स्वच्छ हरिद्वार के निर्माण में पूरी समर्पण के साथ योगदान देगा।
जिम्मेदारी : हरिद्वार नगर निगम का ऐतिहासिक फैसला, किन्नर समाज की सोनिया बनीं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर