ऋषिकेश। शिवाजी नगर की गली नंबर 16 में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह सनसनीखेज घटना शनिवार रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच हुई। महिला का नाम प्रीति रावत (32 वर्ष) बताया जा रहा है, जो मूल रूप से यमकेश्वर की निवासी थी और AIIMS ऋषिकेश में संविदा पर अटेंडेंट के पद पर कार्यरत थी। वह तलाकशुदा थी और किराए के मकान में अकेले रहती थी।
पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात युवक बाइक से आया। उसने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, हमलावर ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर सीने में गोली मार दी। गोली सीधे सीने में लगी, जिससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। पड़ोसियों ने गोली की आवाज सुनकर मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक हालत गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही 112 पर कॉल किया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी ने बताया कि यह स्पष्ट हत्या का मामला है। अभी तक हत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन जांच में एकतरफा प्रेम प्रसंग का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस CCTV फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और आसपास के गवाहों से पूछताछ कर रही है। आरोपी फरार है, लेकिन जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है। इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।