हरिद्वार पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह, हरिहर आश्रम में जूना पीठाधीश्वर से अहम मुलाकात के बाद पतंजलि पहुंचे

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुधवार शाम हरिद्वार के कनखल स्थित हरिहर आश्रम पहुंचे। आश्रम पहुंचने के बाद जूना पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज से भेंट की। इस मुलाकात में धर्म, संस्कृति, आध्यात्मिकता तथा राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
गृहमंत्री के आगमन से आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और संत समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आश्रम से लेकर आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। वरिष्ठ अधिकारी खुद मोर्चा संभाल रहे हैं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
इससे पहले गृहमंत्री ऋषिकेश के कार्यक्रम के बाद रात्रि प्रवास के लिए हरिद्वार पहुंचे। वे पतंजलि योगपीठ में ठहरेंगे। योगपीठ पहुंचने पर योगगुरु बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।

बृहस्पतिवार की सुबह गृहमंत्री पतंजलि योगपीठ में इमर्जेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इस नए अस्पताल से योगपीठ की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। योगपीठ परिसर एवं आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!