कलियर : उड़ती धूल और जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, रास्ता रोक जताई नाराजगी, अधिकारी मौन,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, कलियर। कलियर क्षेत्र में मिट्टी से लदे ओवरलोड खनन डंपरों के खिलाफ स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा बुधवार को फूट पड़ा। बेडपुर चौक से मुक़र्रबपुर, कलियर और पीपल चौक होते हुए गुजरने वाले इन भारी वाहनों से सड़कों की बदहाली, उड़ती धूल और सुरक्षा का खतरा बढ़ गया है।
परेशान ग्रामीणों ने सड़क पर टायर लगाकर डंपरों को रोक दिया। उनका कहना है कि ओवरलोड वाहनों से मिट्टी और धूल उड़कर दोपहिया वाहन चालकों की आंखों में जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दुकानदारों ने बताया कि सड़क से सटी दुकानों पर बैठकर धूल-मिट्टी फांकने को मजबूर हैं। सड़कें जगह-जगह उखड़ चुकी हैं, गहरे गड्ढे बन गए हैं और राहगीर अक्सर चोटिल हो जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि परमिशन की आड़ में ये डंपर क्षमता से अधिक वजन लेकर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं। भारी भीड़-भाड़ वाले मार्ग पर इन वाहनों का आवागमन लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद डंपर चालकों ने गड्ढे भरवाने, नियमित पानी छिड़काव और वाहनों की गति सीमित रखने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीणों ने राह दी।

हालांकि, ग्रामीणों का सवाल है कि स्थिति इतनी गंभीर होने के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड खनन वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, सड़कों की मरम्मत हो और धूल नियंत्रण के लिए स्थायी उपाय किए जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!