HINDUSTAN NEWS TODAY, ब्यूरो : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में जमीन विवाद से जुड़े तनावपूर्ण मामले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में काशीपुर के किसान सुखवंत सिंह ने कथित रूप से चार करोड़ रुपये की भूमि धोखाधड़ी से परेशान होकर होटल में खुद को गोली मारकर जान दे दी, जिसने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।
इस बीच, केलाखेड़ा क्षेत्र की 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान परमजीत कौर और उनके पुत्र ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी किया है। वीडियो में उन्होंने गदरपुर से भाजपा विधायक और उनके भाई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वर्ष 2019 में विधायक के भाई ने धोखे से उनकी लगभग ढाई एकड़ कृषि भूमि को 30 वर्ष की लीज पर अपने नाम करवा लिया। परिवार का दावा है कि सौदा सिर्फ एक एकड़ का तय हुआ था, लेकिन उन्हें गुमराह किया गया।
पीड़ित परिवार ने पिछले छह वर्षों से न्याय के लिए प्रशासन के चक्कर काटने की बात कही है, लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने किसान संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मदद मांगी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे विधायक और उनके भाई के आवास के सामने सामूहिक आत्मदाह कर लेंगे। यह वीडियो करीब 14 जनवरी को सामने आया है।
हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। और hindustan news today इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।