HINDUSTAN NEWS TODAY, ब्यूरो। वन प्रभाग में एक बार फिर गुलदार की सक्रियता बढ़ गई है। गुरुवार सुबह गुलदार ने नेपाली मूल के 50 वर्षीय लक्ष्मण साही को अपना शिकार बना लिया। लक्ष्मण साही मूल रूप से नेपाल के करनाली प्रदेश, सालियान जिले के बड़ा गांव के निवासी थे और वर्तमान में बाड़ा गांव (ब्लॉक पौड़ी) में मजदूरी करते थे।
ग्राम प्रधान नवदीप सिंह बिष्ट के अनुसार, लक्ष्मण सुबह गांव के धारे में नहाने गए थे। नहाने के बाद घर लौटते समय घात लगाए गुलदार ने उन पर हमला कर उन्हें मार डाला और अधखाया शव झाड़ियों में छोड़ दिया। घटना की जानकारी तब मिली जब रास्ते में खून के धब्बे और उनकी जैकेट पड़ी देखी गई। ग्रामीणों ने खोजबीन की और धारे के पास अधखाया शव बरामद किया।
इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। उल्लेखनीय है कि एक महीने पहले भी इसी इलाके के गलज्ड गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना निवाला बनाया था। आक्रोशित ग्रामीणों ने गुलदार को तुरंत आदमखोर घोषित करने और शूट करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। लगभग 6 घंटे के प्रदर्शन के बाद दोपहर 1 बजे वन विभाग ने गुलदार को आदमखोर घोषित किया और अंतिम विकल्प के रूप में उसे मारने के आदेश जारी किए।
डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने इसकी पुष्टि की। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। प्रदर्शन में विनोद दनोशी, भाष्कर बहुगुणा, गौरव चंदोला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।