20 हजार रिश्वत कांड में आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी राठौर निलंबित, शर्मा प्रभारी बीईओ बने

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। जिले के बहादराबाद ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बृजपाल सिंह राठौर को विजिलेंस टीम ने 18 दिसंबर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। यह रिश्वत 40वीं वाहिनी पीएसी पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता नवीनीकरण और संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के एवज में मांगी गई थी। उनके साथ ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश को भी हिरासत में लिया गया।

इस प्रकरण में राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बीईओ बृजपाल सिंह राठौर को उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-2003 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की संस्तुति विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की। मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी कि शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता या किसी प्रकार की अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य सुचारू रखने के लिए बहादराबाद ब्लॉक का प्रभार राजकीय इंटर कॉलेज गैंडीखाता के प्रधानाचार्य को सौंप दिया गया है। विजिलेंस जांच जारी है, जिससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!