HINDUSTAN NEWS TODAY, ब्यूरो। एक करोड़ के जेवरात पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया, जिससे पुलिस की चौकसी पर सवाल उठ रहे हैं। नैनीताल जिले के मुखानी थाना क्षेत्र में स्थित राधिका ज्वैलर्स की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। हल्द्वानी में दुकान मालिक नवनीत शर्मा ने शुक्रवार शाम दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली गई तो पता चला कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से सेंधमारी की है।
जांच में सामने आया कि चोरों ने बगल की दुकान किराए पर लेकर लंबे समय तक रेकी की। बिना किसी सत्यापन के दुकान किराए पर दे दी गई, जो पुलिस के सत्यापन अभियान की पोल खोल रही है। बगल वाली दुकान में निर्माण कार्य चल रहा था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने दीवार काटकर राधिका ज्वैलर्स में प्रवेश किया और करीब एक करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी कर फरार हो गए।
यह वारदात पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है। क्षेत्र में चल रहे सत्यापन अभियान की भी खामियां उजागर हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सुभाष कराटे गैंग की भूमिका संदिग्ध लग रही है, जिसने पहले हरिद्वार में भी बड़ी डकैती को अंजाम दिया था। हालांकि ज्वालापुर पुलिस आज तक सुभाष कराटे को पकड़ने में नाकाम रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।