आगाज : 2027 कुंभ को दिव्य-भव्य बनाने की प्रार्थना: सीएम धामी का मंदिर में दुग्धाभिषेक,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर महादेव का दुग्धाभिषेक किया तथा पूजा-अर्चना और यज्ञ-हवन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की खुशहाली, प्रगति तथा वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के दिव्य एवं भव्य रूप से सफलतापूर्वक संपन्न होने की कामना की।

मंदिर पहुंचने पर साधु-संतों ने फूल-मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों एवं साधु-संतों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंटकर आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए निरंतर कार्यरत है, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें।

श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रवींद्र पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा संस्कृति संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की तथा दिव्य-भव्य कुंभ आयोजन के लिए संत समाज की ओर से राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत मुरलीदास, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास, नया अखाड़ा के जगतार मुनि, अटल अखाड़े के सत्य गिरी एवं मनोज गिरी सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे।

हेलीपैड दयानंद स्टेडियम गुरुकुल कांगड़ी पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने श्रीमद्भगवद्गीता भेंटकर स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प-मालाओं से अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा एवं आशु चौधरी, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!