HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। वैश्य बन्धु समाज, मध्य हरिद्वार की कार्यकारिणी की बैठक आर्यनगर चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में अध्यक्ष नीरज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वप्रथम वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के संयोजक एवं अध्यक्ष द्वारा आय-व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
बैठक में 19 नवंबर 2025 को कराए गए चुनाव को लेकर गहमा-गहमी रही। मंत्री आदित्य बंसल एवं शिवम बंधु गुप्ता ने कहा कि उक्त चुनाव बिना पदाधिकारियों को विश्वास में लिए और समाज के संविधान व नियमों को ताक पर रखकर कराया गया है। उन्होंने मांग की कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निरस्त कर दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराया जाए।
वहीं उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता (रानीपुर), उपाध्यक्ष विनोद बृजवासी एवं कोषाध्यक्ष लोकेश गुप्ता ने स्पष्ट किया कि समाज के सभी पदाधिकारियों का विश्वास वर्तमान अध्यक्ष नीरज कुमार गुप्ता की कार्यकारिणी में ही है। कोई अन्य कार्यकारिणी वर्तमान में अस्तित्व में नहीं है और चुनाव प्रक्रिया इसी कार्यकारिणी के नेतृत्व में होनी चाहिए।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर अग्रवाल एवं महामंत्री राजीव गुप्ता ने भी वर्तमान कार्यकारिणी के सुचारू कार्यों की सराहना की और कहा कि भविष्य में होने वाला चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ इसी कार्यकारिणी द्वारा संपन्न कराया जाए।
अध्यक्ष नीरज कुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी अध्यक्षता वाली कार्यकारिणी ही एकमात्र वैध कार्यकारिणी है और इसे भंग नहीं किया गया है। उन्होंने घोषणा की कि 10 दिसंबर को समाज की सामान्य सभा बुलाकर सभी पदाधिकारियों की सहमति से चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे तथा चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी।
बैठक में सर्वसम्मति से 19 नवंबर 2025 को कराए गए चुनाव को अवैध घोषित कर दिया गया।
बैठक में महामंत्री राजीव गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. सुधीर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष लोकेश गुप्ता, उपाध्यक्ष राजीव गुप्ता (रानीपुर), अनुपम अग्रवाल, विनोद बृजवासी, मंत्री आदित्य बंसल, शिवम बंधु गुप्ता, मीडिया प्रभारी कमल अग्रवाल, संगठन मंत्री अंकित गोयल, वरुण अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी अमित जैन, शोभित अग्रवाल एवं प्रचार मंत्री अजय कुमार अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वैश्य बन्धु समाज : सर्वसम्मति से पुराना चुनाव निरस्त, अब पारदर्शी चुनाव होगा- नीरज गुप्ता