HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत थाना बुग्गावाला और थाना पथरी क्षेत्र में अलग-अलग तरीके से बुजुर्गों से संवाद किया गया तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निदान करने का आश्वासन दिया गया।
थाना बुग्गावाला में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में थाना परिसर में सीनियर सिटीजन गोष्ठी का आयोजन किया गया। क्षेत्र के दर्जनों वरिष्ठ नागरिकों ने इसमें भाग लिया और अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। पुलिस ने उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य, वृद्धावस्था पेंशन तथा अन्य प्रशासनिक सहायता संबंधी मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन 112, थाना नंबर और बीट कांस्टेबल के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए गए। साथ ही सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे विषयों पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया।
दूसरी ओर थाना पथरी पुलिस ने घर-घर जाकर तथा ग्राम दिनारपुर स्थित वृद्धाश्रम में पहुंचकर बुजुर्गों का कुशलक्षेम जाना। आश्रम में रहने वाले सभी वृद्धजनों की समस्याएं सुनी गईं और चिकित्सा, सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं की पूरी जानकारी दी गई। पुलिस ने सभी से अपील की कि समाज मिलकर अपने बुजुर्गों का सम्मान करे और उनकी हर संभव मदद करे।
दोनों थानों की इस पहल से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना जागी और पुलिस-जनता के बीच विश्वास और मजबूत हुआ। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी परिस्थिति में बुजुर्गों की मदद के लिए हरिद्वार पुलिस चौबीसों घंटे तत्पर रहेगी।