HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। डिजिटल युग में तेजी से उभर रहे वेब पोर्टल, यूट्यूब चैनल, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स से जुड़े पत्रकारों को एकजुट करने के उद्देश्य से शनिवार को हरिद्वार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सर्वसम्मति से “डिजिटल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन” (Digital Media Journalist Association) का गठन किया गया। एसोसिएशन का मुख्य लक्ष्य डिजिटल माध्यम से जनसरोकारों की सशक्त पत्रकारिता को बढ़ावा देना, सदस्य पत्रकारों के हितों की रक्षा करना और डिजिटल मीडिया के स्वस्थ विकास के लिए सकारात्मक पहल करना है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार कुणाल दरगन ने कहा कि आज का दौर पूरी तरह डिजिटल मीडिया का है। पारंपरिक मीडिया की तुलना में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स ने आमजन तक बहुत तेजी से पहुंच बनाई है। लंबे समय से डिजिटल पत्रकारों को एक छत के नीचे लाने की जरूरत महसूस की जा रही थी। यह एसोसिएशन न सिर्फ पत्रकारों के अधिकारों एवं सुरक्षा की लड़ाई लड़ेगी, बल्कि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी तथा फेक न्यूज व दुष्प्रचार के खिलाफ भी आवाज बुलंद करेगी।
प्रधान टाइम्स के संपादक सचिन शर्मा ने स्पष्ट किया कि एसोसिएशन का किसी भी अन्य मीडिया संगठन या समूह से कोई विरोध या प्रतिस्पर्धा नहीं है। इसका एकमात्र उद्देश्य डिजिटल मीडिया से जुड़े सक्रिय पत्रकारों के हितों को संरक्षित करना और इस क्षेत्र को और अधिक विश्वसनीय व जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में केवल सक्रिय और प्रतिबद्ध डिजिटल पत्रकारों को ही सदस्यता दी जाएगी।
बैठक में एमएस नवाज, नवीन चौहान, वासू राजपूत, हरि गौतम, वैभव भाटिया, तनवीर अली, अंबरीष कुमार सहित कई प्रमुख डिजिटल पत्रकारों ने अपने विचार रखे और एसोसिएशन को मजबूत बनाने पर बल दिया। सभी ने एक स्वर से इसे डिजिटल पत्रकारिता के लिए मील का पत्थर बताया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अगले सप्ताह होने वाली अगली बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों का औपचारिक चयन किया जाएगा। इस नए संगठन से डिजिटल मीडिया से जुड़े हजारों पत्रकारों को एक मजबूत मंच मिलने की उम्मीद है, जो न सिर्फ उनकी आवाज को बुलंद करेगा बल्कि जनता तक सच्ची व निष्पक्ष खबर पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।