मॉकड्रिल : हरकी पौड़ी पर मिला संदिग्ध बैग, खाली कराई गई हरकी पौड़ी, घंटाघर में अपराणकर्ता ने कई लोगों को बनाया बंधक,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। गुरुवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी आपदा अथवा आपराधिक/आतंकी घटना पर सभी सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों की त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय तथा प्रभावी कार्रवाई क्षमता का परीक्षण करना था।
पहला अभ्यास हरकी पौड़ी के मालवीय घाट पर किया गया। यहां शंकराचार्य मूर्ति के पास एक संदिग्ध बैग रखे होने की सूचना दी गई। हरकी पौड़ी चौकी प्रभारी ने तुरंत क्षेत्र खाली कराया तथा सूचना कंट्रोल रूम को दी। मौके पर बीडीएस, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, एसओजी, एटीएस, क्यूआरटी, एलआईयू, सिविल डिफेंस व मेडिकल टीम तत्काल पहुंची। बैग की जांच में विस्फोटक होने की आशंका जताई गई, जिसे बाद में सुरक्षित निष्क्रिय किया गया।
दूसरा अभ्यास मालवीय घाट स्थित घंटाघर क्षेत्र में हुआ, जहां दो काल्पनिक अपहरणकर्ताओं ने लोगों को बंधक बना लिया था। सूचना मिलते ही एटीएस टीम ने तेजी से कार्रवाई कर अपहरणकर्ताओं को न्यूट्रलाइज किया और सभी बंधकों को सकुशल मुक्त कराया।
तीसरा अभ्यास सुभाष घाट पर एक चाय की दुकान में आग लगने की काल्पनिक स्थिति पर आधारित था। अग्निशमन विभाग की टीम ने कुछ ही मिनटों में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
इंसिडेंट कमांडर एसपी क्राइम जितेंद्र कुमार मेहरा ने बताया कि तीनों अभ्यासों में सभी एजेंसियों का रिस्पॉन्स टाइम एवं को-ऑर्डिनेशन अत्यंत संतोषजनक रहा। इस ड्रिल से वास्तविक आपात स्थिति में कम से कम समय में स्थिति नियंत्रित करने की क्षमता का आकलन हुआ।
मॉक ड्रिल के दौरान एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, एएसपी सदर निशा यादव, एएसपी ज्वालापुर जितेंद्र चौधरी, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, सीओ ट्रैफिक संजय चौहान, अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव सहित सभी संबंधित थानों के प्रभारी एवं कर्मी मौजूद रहे। अभ्यास सफल रहा तथा आमजन को बाद में बताया गया कि यह केवल मॉक ड्रिल थी, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!