श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय की लापरवाही से छात्र परेशान: 5 महीने बाद भी नहीं मिली डिग्री, रिजल्ट में गड़बड़ी भी अनसुलझी,

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, देहरादून। श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की उदासीनता ने सैकड़ों छात्रों का भविष्य अधर में लटका दिया है। 2023 बैच के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों को पांच महीने बीत जाने के बावजूद डिग्री नहीं दी गई है। साथ ही परीक्षा परिणामों में हुई स्पष्ट त्रुटियों को सुधारने में भी विश्वविद्यालय कोई रुचि नहीं दिखा रहा है।

इस समस्या से सबसे ज्यादा प्रभावित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता (रायपुर), शहीद दुर्गामल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला, पीजी कॉलेज ऋषिकेश सहित दर्जनों संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र हैं। जुलाई में डिग्री के लिए आवेदन करने वाले छात्र बार-बार कुलपति, रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।

मालदेवता कॉलेज के छात्र आदर्श राठौर ने बताया कि कॉमर्स संकाय से बीकॉम पूरा करने के बाद भी न डिग्री मिली और न ही रिजल्ट की गलती सुधारी गई। छात्र अजय रावत का कहना है कि डिग्री न होने से एमए, नौकरी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।

छात्रों ने कई बार ज्ञापन सौंपे और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जल्द समस्या नहीं सुलझी तो बड़ा आंदोलन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!