HINDUSTAN NEWS TODAY, ऋषिकेश। श्यामपुर बाईपास मार्ग पर एक दुखद हादसे में डंपर ने नरेंद्र नगर पीडब्लूडी में तैनात 55 वर्षीय सरकारी कर्मचारी प्रहलाद जोशी को कुचल दिया। डंपर का पिछला पहिया चढ़ने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब प्रहलाद जोशी अपने घर से पैदल निकलकर नरेंद्र नगर पीडब्लूडी कार्यालय जा रहे थे। उन्होंने एक अज्ञात बाइक सवार से श्यामपुर पुलिस चौकी तक जाने के लिए लिफ्ट मांगी थी। बाईपास हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आए डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक दूर छिटक गया, लेकिन प्रहलाद डंपर की चपेट में आ गए। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रहलाद जोशी के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स की मोर्चरी में रखवाया गया है। इस घटना से उनके परिवार में शोक की लहर है। भट्टोवाला, श्यामपुर निवासी प्रहलाद के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।