“सीडीओ का सख्त रुख: सुल्तानपुर में स्वास्थ्य केंद्र व स्कूल का औचक निरीक्षण, कमियां उजागर” -दीपक मौर्य-

Listen to this article

HINDUSTAN NEWS TODAY, हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मंगलवार को सुल्तानपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान शौचालयों की गंदगी और अस्वच्छता पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्टॉक रजिस्टर न दिखा पाने पर भी उन्होंने सख्त नाराजगी व्यक्त की और इसे शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में एन्टीवेनम वैक्सीन रखने के निर्देश दिए।

चिकित्सालय में मरीजों और उनके तीमारदारों ने डॉक्टरों की कार्यशैली और दवाओं के रख-रखाव की प्रशंसा की, जिस पर सीडीओ ने संतोष जताया। एएनएम सेंटर के निरीक्षण में उन्होंने सभी डाटा अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्रों की कम उपस्थिति पर चिंता जताते हुए सीडीओ ने अभिभावकों के साथ बैठक कर उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। मिड-डे मील योजना के तहत उन्होंने भोजन चार्ट के अनुसार गुणवत्तायुक्त भोजन सुनिश्चित करने को कहा।

सीडीओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्यालयों और संस्थानों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!