हरिद्वार(प्रवीण कुमार) जर्नलिस्ट यूनियन ऑफ उत्तराखण्ड की हरिद्वार इकाई की नव निर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह प्रेस क्लब सभागार में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि सामाजिक विकास में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय एआई और सोशल मीडिया का दौर है, ऐसे में पत्रकारों को अधिक सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।
कार्यक्रम में राजकुमार ने अध्यक्ष और नवीन चौहान ने महामंत्री पद की शपथ ली। संगठन महामंत्री के रूप में डॉ. मनोज सोही सहित अन्य पदाधिकारियों को भी शपथ दिलाई गई। मुख्य वक्ता एवं पूर्व राज्य सूचना आयुक्त योगेश भट्ट ने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में पत्रकारों की बड़ी भूमिका है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जूना अखाड़ा के श्रीमहंत भास्कर पुरी महाराज ने की। इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव सूर्यकांत बेलवाल, सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
