हरिद्वार(गौरव कुमार)। मुंडियाकी गांव में जमीन से जुड़े विवाद में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए सेवानिवृत्त लेखपाल सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद की गई है।
शिकायत के अनुसार, खसरा संख्या 345 की भूमि को लेकर अनिता मिश्रा, मनोरमा शर्मा, राजकुमार मिश्रा, हर्षवर्धन और तत्कालीन क्षेत्रीय लेखपाल सुरेंद्र कुमार पर मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा भूमि पर अवैध स्वामित्व स्थापित करने का प्रयास करने का आरोप है। आरोप है कि जिस भूमि पर अनिता मिश्रा का स्वामित्व समाप्त हो चुका था, उसका वर्ष 2015 में बैनामा कर दिया गया। मामले को वैध दिखाने के लिए राजस्व अभिलेखों में कथित हेरफेर कर दाखिल-खारिज भी कराई गई, जिसे बाद में सक्षम न्यायालय ने निरस्त कर दिया था।
डॉ. मधु सिंह का आरोप है कि फर्जी शपथ-पत्र, हस्ताक्षर और अन्य दस्तावेजों के माध्यम से भूमि पर दावा बनाए रखने की कोशिश की गई, जिससे उन्हें आर्थिक और कानूनी नुकसान पहुंचाने का प्रयास हुआ। शिकायत पर सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
कोतवाली प्रभारी भगवान सिंह मेहर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। राजस्व एवं न्यायालयी अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
