हरिद्वार। तहसील कर्मचारी द्वारा लक्सर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ कथित अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर लक्सर प्रेस क्लब में पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
बैठक में पत्रकारों ने साफ चेतावनी दी कि यदि 29 मई तक संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो तहसील परिसर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी और महामंत्री जानेआलम ने कहा कि जब पत्रकारों के साथ ही इस तरह का व्यवहार हो रहा है, तो आम जनता के साथ अधिकारियों का रवैया कैसा होगा, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ अभद्रता बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रवीण सैनी ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए संबंधित कर्मचारी के तत्काल स्थानांतरण की मांग की।
पत्रकारों ने कहा कि वे समाज और प्रशासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं, ऐसे में उनके साथ दुर्व्यवहार गंभीर विषय है।
बैठक में रजनीश कुमार, जसवीर सिंह, नीरज शर्मा, राजीव नामदेव, राहुल सैनी, अरुण कुमार, लोकेश कुमार, नवाब खटाना, अमन चौधरी, फारूक, पहल सिंह, ब्रजमोहन शर्मा और दीपक कुमार सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।
