हरिद्वार(गौरव कुमार) घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी कर दी गई है। इसके बाद दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले मार्च में एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे।
सरकारी तेल कंपनियों के अनुसार, पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे ईंधन लागत में लगातार वृद्धि हुई है। कंपनियां लंबे समय से घरेलू एलपीजी बिक्री पर नुकसान उठा रही हैं, जिसे कम करने के लिए कीमतों में संशोधन किया गया है।
एलपीजी के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मई के मध्य से पेट्रोल और डीजल के दामों में कुल 7.50 रुपये प्रति लीटर तथा सीएनजी में लगभग 6 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हो चुकी है।
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बढ़ती ईंधन कीमतों के मद्देनजर चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए खुदरा महंगाई दर का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया है। आरबीआई का मानना है कि ईंधन कीमतों में वृद्धि का सीधा असर महंगाई और आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ेगा।
