हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन देहात के पदाधिकारियों ने शनिवार को बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह से मुलाकात कर किसानों, मजदूरों और आम लोगों की समस्याओं को लेकर चर्चा की। संगठन ने क्षेत्र में सर्दी बढ़ने के साथ चोरी और लूटपाट की घटनाओं की आशंका जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष रजनीश सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के नलकूपों पर लगे मोटर और अन्य कृषि उपकरण चोरी होने की आशंका बनी रहती है। सर्दियों में रात लंबी होने के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे में पुलिस को गांवों और संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस के क्षेत्रीय मुखबिर तंत्र को सतर्क रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की, ताकि चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
प्रदेश महामंत्री सुनील कुमार ने कहा कि किसान और मजदूर वर्ग पहले ही कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। उनकी मेहनत की कमाई और कृषि उपकरणों की सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संगठन आम लोगों की समस्याओं को पुलिस और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा।
थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने संगठन के पदाधिकारियों को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसानों व आम नागरिकों की समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जनहित के मुद्दों पर पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही।


