कुंभ मेला : न हेलमेट, न सुरक्षा बेल्ट और न जूते, आखिर हादसे का इंतजार क्यों कर रहा विभाग?

Listen to this article

हरिद्वार। कुंभ-2027 के कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए अधिकारी लगातार दौड़भाग कर रहे हैं, लेकिन इन कार्यों को अंजाम देने वाले श्रमिकों की जान की परवाह किसी को नहीं है। हर की पैड़ी पास हाईवे पर चल रहे रंगाई-पुताई के काम में सुरक्षा व्यवस्था की ऐसी अनदेखी हो रही है, जो कुंभ कार्यों की निगरानी करने वाले विभागों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
करीब 50 फीट की ऊंचाई पर कर्मचारी बिना हेलमेट, सुरक्षा जूते और सुरक्षा बेल्ट के काम कर रहे हैं। न कोई मजबूत सहारा दिखाई दे रहा है और न ही गिरने से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था। ऊपर से तेज हवाओं के थपेड़े और नीचे हाईवे पर लगातार दौड़ते वाहन। ऐसे जोखिम भरे हालात में कर्मचारियों से काम कराया जा रहा है। यह लापरवाही नहीं तो और क्या है?
हैरानी इस बात की है कि काम का स्थान हर की पौड़ी के नजदीक है, जहां कुंभ की तैयारियों के सिलसिले में अधिकारियों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। इसके बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी की नजर श्रमिकों की सुरक्षा पर नहीं पड़ रही है। विभागीय अधिकारी आखिर किस आधार पर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं? क्या उनकी जिम्मेदारी केवल निर्माण कार्य की प्रगति देखने तक सीमित है या श्रमिकों की जान की सुरक्षा भी उनके दायरे में आती है?
कुंभ के नाम पर करोड़ों रुपये के कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन श्रमिकों के लिए बुनियादी सुरक्षा इंतजाम तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। सवाल संबंधित विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से है कि बिना सुरक्षा उपकरणों के इतनी ऊंचाई पर काम कराने की अनुमति किसने दी? हादसा होने के बाद जिम्मेदारी तय करने के बजाय अभी सुरक्षा सुनिश्चित क्यों नहीं की जा रही? आखिर कुंभ की तैयारियों में श्रमिकों की जिंदगी इतनी सस्ती क्यों समझी जा रही है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!