पुश्तैनी जमीन विवाद में बेटी ने प्रेमी संग मिलकर की मां की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा

Listen to this article

रायवाला(गौरव कुमार)। मोतीचूर में 65 वर्षीय खजानी देवी हत्याकांड का रायवाला पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मृतका की बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पुश्तैनी जमीन को लेकर चल रहे विवाद में खजानी देवी की हत्या की साजिश रची गई थी। बीते 22 सितंबर को संजय पुंडीर पुत्र स्व. गोविंद सिंह पुंडीर निवासी ग्राम काटल, पोस्ट भोगपुर, थाना रानीपोखरी ने कोतवाली में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी मां खजानी देवी भगत सिंह कॉलोनी, मोतीचूर में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ किराये के मकान में रहती थीं। 21 सितंबर से वह लापता थीं और मकान पर ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो बाथरूम में खजानी देवी मृत मिलीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। हत्याकांड के खुलासे के लिए छह टीमों का गठन किया गया। कोतवाली प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मृतका का बेटी शिल्पा थापा से पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद सामने आया। शिल्पा नई बस्ती लाइनपार, शहीद भगत सिंह कॉलोनी में मृतका के घर से कुछ दूरी पर रहती है। जांच में शिल्पा और शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू के बीच लगातार संपर्क तथा घटना के आसपास दोनों की गतिविधियों की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार शिव नारायण मूल रूप से ग्राम करोंदी, थाना भगवानपुर, हरिद्वार का निवासी है और मुंबई में नौकरी करता था। शिव नारायण का मोबाइल बंद मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। रायवाला, हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों में करीब 500 होटल-धर्मशालाओं तथा बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों के आसपास करीब 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शिव नारायण शांति कुंज आश्रम में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने 25 सितंबर को उसे शांति कुंज आश्रम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में शिव नारायण ने शिल्पा के कहने पर खजानी देवी की हत्या करने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने शिल्पा थापा को भी शनिवार को शहीद भगत सिंह कॉलोनी लाइनपार, मोतीचूर से गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!