हरिद्वार(संजीव कश्यप)। ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र के ग्राम लाम ग्रांट में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव की गलियां और सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि कई स्थानों पर जलभराव से तालाब जैसे हालात बन गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से जल निकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं कराया गया। जो नाला मौजूद है, उसकी भी समय पर सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सीधे घरों में घुस जाता है। इससे लोगों का घरेलू सामान भी खराब हो रहा है और रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के कारण गांव की मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे भी बन गए हैं, जो हादसों को न्योता दे रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी सड़क पर बने गड्ढों के कारण दो लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद गांव की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पटवारी आसू गिरी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने, नालों की सफाई कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। इस दौरान जनेश्वर प्रसाद, सुरेश, सुलेखचंद, सूरज सिंह, सुरबेस, बाल सिंह, संतोष मुखिया, ताराचंद, मोहर सिंह, नीरज सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
बारिश के कहर से ग्राम लाम ग्रांट में जनजीवन अस्त-व्यस्त, घरों में घुसा पानी
