कश्यप धर्मशाला पर बने ‘मिनी बस अड्डे’ पर दूसरे दिन भी चला परिवहन विभाग का शिकंजा

Listen to this article

15 लक्ज़री बसों के चालान, दो बसें सीज़, चार की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति

हरिद्वार(गौरव कुमार)। कश्यप धर्मशाला क्षेत्र में अवैध रूप से बने ‘मिनी बस अड्डे’ पर परिवहन विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग ने लक्ज़री बसों के खिलाफ सघन कार्रवाई की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए, जबकि दो बसों को सीज़ कर दिया गया। तकनीकी और सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर चार बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, इंटरसेप्टर प्रभारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन और प्रवर्तन टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, टैक्स, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस समेत सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग ने विशेष रूप से कश्यप धर्मशाला क्षेत्र पर निगरानी रखी, जहां किसी भी लक्ज़री बस को अवैध रूप से रुककर सवारी चढ़ाने-उतारने या यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी गई। सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही कराया गया। विशेष अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए गए, जिनमें 15 लक्ज़री बसें शामिल हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!