हरिद्वार (गौरव कुमार)। सस्ती कीमत पर करोड़ों रुपये की जमीन दिलाने का झांसा देकर एक प्रॉपर्टी कारोबारी से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर कनखल पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिस्सरपुर स्थित राधिका एन्क्लेव निवासी कृष्ण पाल ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ लोगों ने गाजियाबाद के डासना क्षेत्र में पांच बीघा जमीन कम कीमत पर दिलाने का भरोसा दिलाया। विश्वास दिलाने के लिए जमीन के दस्तावेज और खतौनी भी दिखाई गई। आरोप है कि साझेदारी में सौदा कराने के नाम पर उनसे 12.50 लाख रुपये नकद ले लिए गए। इसके अलावा उनके बेटे की मोबाइल दुकान से करीब 53 हजार रुपये कीमत के तीन मोबाइल भी अपने साथ ले गए। आरोपियों ने अग्रिम राशि के रूप में दो चेक भी ले लिए और रजिस्टर्ड इकरारनामा कराने का आश्वासन देते रहे। कई दिन तक टालमटोल के बाद आरोपियों ने व्हाट्सएप पर इकरारनामे का मसौदा भेजा, लेकिन बाद में सभी ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। संदेह होने पर पीड़ित ने दोनों चेकों का भुगतान रुकवा दिया। बाद में पता चला कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली। कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि अदालत के आदेश पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
सस्ती जमीन का झांसा देकर प्रॉपर्टी कारोबारी से लाखों की ठगी, चार पर मुकदमा
