हरिद्वार(गौरव कुमार) कनखल क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई। शंकराचार्य चौक के पास मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। यूपी सिंचाई विभाग द्वारा शंकराचार्य चौक कावड़ पटरी मार्ग पर गंगा किनारे घाट का निर्माण कार्य किया जा रहा है
पुलिस के मुताबिक बुधवार शाम सिटी कंट्रोल रूम को शंकराचार्य चौक के पास सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि एक मिक्सर ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के दौरान ट्रक का पिछला पहिया साइकिल सवार के पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
घायल को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षपाल सिंह असवाल (60) पुत्र स्वर्गीय प्रह्लाद सिंह असवाल, निवासी आशीर्वाद अपार्टमेंट, चेतनदेव मंदिर के सामने, कनखल के रूप में हुई है।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मिक्सर ट्रक को कब्जे में लेकर चालक विशाल सिंह निवासी टांडा अमीचंद, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
