सड़क पर दबंगई का नंगा नाच, युवक को रोककर पीटा, कैमरे में कैद हुई हर हरकत

Listen to this article

हरिद्वार(गौरव कुमार) कनखल क्षेत्र में क्रिकेट मैच खेलकर घर लौट रहे एक युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी। बीच सड़क हुई इस घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रावली महदूद स्थित हरिद्वार ग्रीन सोसायटी निवासी रितिक जमालपुर में क्रिकेट मैच खेलने के बाद अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि हरेराम आश्रम के निकट पहले से मौजूद कार्तिक नामक युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा और रितिक को रोक लिया। इसके बाद कहासुनी के बीच युवक के साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो हमलावर वहां से भाग निकले। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पीड़ित युवक ने कनखल पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!