मनसा देवी मंदिर में औचक निरीक्षण के दौरान भड़के, दर्जाधारी ओमप्रकाश जमदग्नि

Listen to this article

हरिद्वार (गौरव कुमार)। उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्य मंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि ने रविवार को मनसा देवी मंदिर प्रांगण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की कमी देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। विशेष रूप से शौचालयों पर ताले लगे होने और पेयजल व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
मंत्री ने मौके पर ही मंदिर प्रबंधन समिति एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में पेयजल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था तत्काल दुरुस्त की जाए। साथ ही सभी शौचालयों को चौबीसों घंटे खुला रखने और उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए। आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नगर आयुक्त को दूरभाष पर संपर्क कर मंदिर परिसर और आसपास जमा कूड़े के तत्काल निस्तारण के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों की स्वच्छता और व्यवस्थाएं सरकार की प्राथमिकता हैं तथा इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। हालांकि, मंत्री ने मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और दर्शन व्यवस्था की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से किए गए ये प्रयास सराहनीय हैं, लेकिन अन्य सुविधाओं में सुधार की अभी भी आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!